पेज

बुधवार, 25 नवंबर 2026

वैराग्य: त्याग या आत्मबोध


(छायाचित्र: गूगल से साभार ) 

वैराग्य.....यह शब्द सुनते ही सामान्यतः हमारे मन में एक ऐसी छवि उभरती है, जहाँ संसार से विरक्ति हो.... सुख-सुविधाओं का त्याग हो..... धन-दौलत और भौतिक वस्तुओं से दूरी हो और व्यक्ति मोह-माया से दूर किसी एकांत में जीवन व्यतीत कर रहा हो। हम अक्सर वैराग्य को भावों से दूरी , संन्यास और संसार से पलायन का पर्याय मान लेते हैं।

लेकिन क्या वास्तव में वैराग्य का अर्थ यही है?

वास्तविक अर्थ में वैराग्य का आशय यह बिल्कुल नहीं कि आपके पास कुछ भी न हो, बल्कि यह है कि जो कुछ भी आपके पास है, वह आपके मन, विवेक और स्वतंत्रता पर अपना आधिपत्य न जमा सके।

आपके पास धन हो, वैभव हो, सुख-सुविधाएँ हों, प्रियजनों का साथ हो, जीवन में इच्छाएँ और आकांक्षाएँ भी हों। आप हर रिश्ते को पूरे मन से निभाएँ, हर सुख का आनंद लें और अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करें, लेकिन इन सबके बीच अपनी मानसिक स्वतंत्रता और आत्मिक शांति को किसी वस्तु, व्यक्ति या परिस्थिति के अधीन न होने दें।स्वयं को मानसिक और आत्मिक रूप से किसी पर पर निर्भर ना होने देना। 

किसी वस्तु का आपके पास होना बंधन नहीं है...... बल्कि उसके बिना स्वयं को अधूरा महसूस करना बंधन है। किसी से प्रेम करना आसक्ति नहीं, बल्कि उस प्रेम में अपना अस्तित्व खो देना आसक्ति है।

वैराग्य संसार को छोड़ने में नहीं, संसार में रहते हुए भी उसके मोह और आकर्षण से स्वयं को मुक्त रखने में है।

यह त्याग की नहीं, आत्मबोध की अवस्था है। जहाँ आपके पास सब कुछ हो सकता है, लेकिन किसी चीज़ के खो जाने का भय आपकी शांति नहीं छीन सकता।

क्योंकि वास्तविक वैराग्य वह नहीं, जहाँ मनुष्य के पास कुछ न हो, बल्कि वह है जहाँ सब कुछ होते हुए भी मनुष्य किसी भी चीज के वश में न हो।
इति 🙏

#ब्रह्मनाद #डॉ_मधूलिका