पेज

रविवार, 31 मई 2026

Happy birthday Papa


 जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ पापा, ❤️

बचपन में हमने कभी यह जानने की कोशिश ही नहीं की कि आपका जन्मदिन कब आता है। न कभी केक काटा गया, न कोई विशेष उत्सव हुआ। शायद उस दौर में जीवन की प्राथमिकताएँ कुछ और थीं। जब हर दिन संघर्षों से भरा हो, जब परिवार की ज़रूरतें पूरी करना ही सबसे बड़ा लक्ष्य हो, तब अपने जन्मदिन को याद रखना और उसे मनाना भी एक विलासिता जैसा ही लगता होगा।

हालांकि जब हमारी कुछ चेतना जागृत हुई तब आपके और मां के जन्मदिन की तारीख पता किया ,जो शायद आप लोग खुद भूल चुके थे। आपको विश करने और बहुत छोटे उपहार के साथ शुरुआत हुई... और फिर आपको भी अपने जन्मदिन में हमारी शुभकामना का इंतजार रहने लगा। 


आज सोचती हूँ कि आपने कितनी कठिन राहों पर चलकर अपना जीवन बनाया। अपने हिस्से की कितनी इच्छाएँ, कितने सपने और कितनी खुशियाँ त्यागकर हमारे लिए साधन और सुविधाएँ जुटाईं। उस समय हम शायद यह सब समझने की उम्र में नहीं थे।

सब कहते हैं कि मैं बचपन में आपकी सबसे अधिक लाड़ली थी। मेरी एक छोटी-सी उदासी भी आपको बेचैन कर देती थी। मैं रोती थी तो आप मुझे चुप कराने के लिए पूरा घर सिर पर उठा लेते थे। अब सोचती हूँ कि माँ सचमुच बहुत धैर्यवान थीं, वरना मेरी शरारतों और आपके अत्यधिक दुलार से परेशान होकर कभी भी मायके का टिकट कटवा सकती थीं। 😊


समय के साथ हम बड़े हुए और कुछ दूरियाँ भी आ गईं। उस समय आपकी सावधानियाँ, आपकी चिंताएँ और आपकी रोक-टोक हमें पीढ़ियों का अंतर लगती थीं। लेकिन आज समझ आता है कि वह अंतर नहीं था, वह आपके प्रेम का दूसरा रूप था। शायद जिन अभावों और असुरक्षाओं से आप स्वयं गुज़रे, आपने ठान लिया था कि आपके बच्चों को उनका सामना न करना पड़े। आप हमारे चारों ओर एक सुरक्षा कवच बुनना चाहते थे और हम उसे बंधन समझ बैठते थे।

जीवन का सबसे बड़ा शिक्षक समय होता है। आज जब स्वयं एक बच्चे के जीवन की ज़िम्मेदारी हमारे हाथों में है, तब आपकी हर चिंता, हर सावधानी और हर निर्णय का अर्थ पहले से कहीं अधिक स्पष्ट हो गया है। अब समझ आता है कि माता-पिता अपने बच्चों के जीवन में आने वाली छोटी-से-छोटी पीड़ा को भी स्वयं पर लेना चाहते हैं।

बहुत-सी बातें हैं जो शायद मैं कभी आपसे सीधे नहीं कह पाऊँगी। लेकिन जब भी जीवन की राह में पीछे मुड़कर देखती हूँ, आपकी अनगिनत त्यागपूर्ण छवियाँ मन को भर देती हैं। हम शायद कभी शब्दों में व्यक्त न कर पाएँ कि आपने हमारे लिए कितना कुछ किया। पर अन्वू के जीवन में आने के बाद यह अनुभूति और गहरी हो गई है कि इस संसार में माता-पिता जैसा निस्वार्थ त्याग कोई नहीं कर सकता।

माँ अपने प्रेम को आँसुओं, स्पर्श और आलिंगन से व्यक्त कर देती है, लेकिन पिता अक्सर मौन रहते हैं। वे अपनी इच्छाओं को पीछे रखकर, अपने सपनों को टालकर, बच्चों की ज़रूरतों और खुशियों को पूरा करते हैं। माँ जीवन की धरती बनती है, तो पिता उस आकाश की तरह होते हैं जिसकी छाया हर परिस्थिति में हमारे साथ रहती है।

पापा, आज आपको देखकर एक और बात मन को बहुत छूती है। आपने घर में आई बहू को कभी परंपराओं और रूढ़ियों की सीमाओं में बाँधने की कोशिश नहीं की। जिस अपनत्व, सम्मान और खुले दिल से आप उसे बेटी की तरह स्वीकार कर रहे हैं, वही सच्चे पितृत्व की पहचान है। पिता केवल जन्म देने वाले नहीं होते, वे वह व्यक्ति होते हैं जो हर बच्चे को सुरक्षा, सम्मान और स्नेह देना जानते हैं। आपके लिए रिश्तों का आधार अधिकार नहीं, अपनापन है। यही आपकी सबसे बड़ी खूबसूरती है।

समय के साथ परिवार बड़ा हुआ है। आपके स्नेह के हिस्सेदार भी बढ़े हैं। लेकिन आश्चर्य यह है कि आपका प्रेम कभी बँटा नहीं, बल्कि हर नए रिश्ते के साथ और विस्तृत होता गया। जैसे दीपक से कई दीप जल जाएँ और फिर भी उसकी लौ कम न हो, वैसे ही आपका स्नेह हर नए सदस्य के साथ और उज्ज्वल होता गया है।

आज आपके जन्मदिन पर ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपके जीवन के सभी अधूरे सपने पूरे हों। आपको उत्तम स्वास्थ्य, मानसिक शांति और लंबी आयु प्राप्त हो। आने वाले वर्षों में आप वही सम्मान, प्रेम और संतोष अनुभव करें जिसके आप सच्चे अधिकारी हैं।

मुझे आपके संघर्षों पर, आपके साहस पर और सबसे अधिक आपके विशाल हृदय पर गर्व है।

जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएँ पापा। 🤗❤️🎂

आपकी गुड़िया 

#ब्रह्मनाद

#डॉ_मधूलिका 

कोई टिप्पणी नहीं: